नयी दिल्ली, 28 अगस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कन्याकुमारी से पार्टी के लोकसभा सदस्य एच वसंतकुमार के निधन पर शुक्रवार को दुख जताया एवं उनके प्रियजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
वसंतकुमार का शुक्रवार को चेन्नई के एक अस्पताल में कोविड-19 से निधन हो गया। वह 70 साल के थे।
राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ कोविड-19 के कारण कन्याकुमारी से सांसद एच वसंतकुमार के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध रह गया। लोगों की सेवा करने की कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने वसंतकुमार के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
यह भी पढ़े | State Bank of India: दिनेश कुमार खारा हो सकते हैं एसबीआई के अगले चेयरमैन, बैंक बोर्ड ब्यूरो ने की सिफारिश.
कांगेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने भी वसंतकुमार के निधन पर दुख प्रकट किया।
दूसरे राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कांग्रेस के इस लोकसभा सदस्य के निधन पर दुख प्रकट किया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘सांसद वसंतकुमार के असामयिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुखी और स्तब्ध हुआ। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।’’
बहुजन समाज पार्टी के सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा, ‘‘लोकसभा में हमारे साथी सांसद वंसतकुमार के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने जीवन भर कन्याकुमारी और तमिलनाडु के लोगों की सेवा की। उनके परिजन और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।’’
वसंतकुमार दो बार विधायक भी रहे हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचित हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY