देश की खबरें | प्रश्नपत्र लीक मामला : पुलिस अधीक्षक को पांच दिन की हिरासत में भेजा गया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गुवाहाटी, 16 अक्टूबर असम की एक स्थानीय अदालत ने असम पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस अधीक्षक कुमार संजीत कृष्णा को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने लंबी पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार रात को राज्य के मुख्य सचिव के भाई और असम पुलिस सेवा (एएसपी) के अधिकारी कृष्णा को गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़े | ISRO Competition: इसरो प्रतियोगिता के टॉपरों से मिले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, बोले- दिल्ली को अपने बच्चों पर गर्व.

कृष्णा को कामरूप मेट्रो के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवाशीष हजारिका के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अदालत ने प्रश्नपत्र लीक मामले के अन्य आरोपियों सूरज सरमा और रूबुल हजारिका की पुलिस हिरासत की अवधि पांच दिन और बढा दी।

यह भी पढ़े | भारत ने ओडिशा के बालासोर के तट पर 250 किलोमीटर से अधिक की मारक क्षमता वाली पृथ्वी-2 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया: 16 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गत 20 सितंबर को आयोजित हुई असम पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था और राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड ने परीक्षा आरंभ होने के कुछ ही देर बाद इस पर तत्काल रोक लगा दी थी।

अब तक असम पुलिस की कई एजेंसियों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों और बाहर से सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रशांत कुमार दत्त और भाजपा नेता दीबान डेका सहित 51 लोगों को गिरफ्तार किया है। डेका को पार्टी ने बाद में निष्कासित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कृष्णा करीमगंज जिले के पुलिस अधीक्षक थे जहां अन्य आरोपियों की मौजूदगी में उनके आवास पर उनके इशारे पर प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक किया गया था। इनमें से कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

सीआईडी ने रविवार और मंगलवार को कृष्णा के करीमगंज स्थित आधिकारिक आवास की तलाशी ली थी जबकि गुवाहाटी स्थित उनके निजी आवास की तलाशी बुधवार को ली गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)