देश की खबरें | पूर्वाचली विवाद : भाजपा का आरोप, केजरीवाल भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना चाहते
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पूर्वांचली लोगों को रोहिंग्या और बांग्लादेशियों से जोड़कर गलतफहमी पैदा करने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पूर्वांचली लोगों को रोहिंग्या और बांग्लादेशियों से जोड़कर गलतफहमी पैदा करने का आरोप लगाया।
दिल्ली विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों से आगामी चुनावों में आप को करारा जवाब देने का आह्वान किया।
केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया था कि भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पूर्वांचलियों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी कहा था और “स्वीकार किया था” कि फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में मतदाता सूची से उनके नाम हटाए जा रहे हैं।
भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यहां स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में रविवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पिछले कई दिनों से दिल्ली के एक बड़े नेता बार-बार भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली पानी, जलनिकासी और सड़क से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री इनके बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कोविड महामारी के दौरान, दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने कहा था कि शहर में रहने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को (अपने घर) लौट जाना चाहिए। उन्होंने उन्हें इलाज की कोई सुविधा भी नहीं दी, जिसके कारण उन्हें बिहार और उत्तर प्रदेश लौटना पड़ा।’’
चौधरी ने केजरीवाल की ओर इशारा करते हुए कहा, आज ये लोग पूर्वांचल मुद्दे पर गलतफहमी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
बिहार के उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें (पूर्वांचलियों को) रोहिंग्या और बांग्लादेशियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए, मैं पूर्वांचल के लोगों से 2025 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली पर शासन करने वालों को जवाब देने का आग्रह करता हूं।’’
भाजपा नेता ने दिल्ली के दलित छात्रों को विदेश में मुफ्त शिक्षा प्रदान करने के लिए आंबेडकर छात्रवृत्ति योजना की घोषणा करने के लिए भी केजरीवाल पर निशाना साधा और सवाल किया कि उन्होंने इसे शुरू करने में इतना लंबा इंतजार क्यों किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी के बजाय केजरीवाल द्वारा मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के लिए लाभार्थियों के पंजीकरण की घोषणा करना ‘‘महिलाओं का अपमान’’ है।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और दिल्ली के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि कौन उनके कल्याण के लिए काम कर रहा है और कौन नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्यों को न तो दिल्ली के विकास की चिंता है और न ही यहां के लोगों की शिक्षा और रोजगार की।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2024 03:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

