देश की खबरें | पंजाब: निज्जर की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ‘दल खालसा’ के कई सदस्यों को हिरासत में लिया गया

अमृतसर, एक जुलाई पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के निकट शनिवार को पुलिस ने कट्टरपंथी संगठन ‘दल खालसा’ के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया।

परमजीत सिंह मंड की अगुवाई में ये कार्यकर्ता ‘खालिस्तान टाइगर फोर्स’ (केटीएफ) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए देश की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के कार्यालय जा रहे थे।

गौरतलब है कि कनाडा में 19 जून को अज्ञात व्यक्तियों ने एक गुरद्वारे के बाहर गोली मारकर निज्जर की हत्या कर दी थी। वह भारत के अति वांछित आतंकवादियों में एक था और उस पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गयी थी।

भारत ने जुलाई 2020 में निज्जर को अवैध गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत ‘आतंकवादी’ घोषित किया था। पिछले ही साल सितंबर में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने देश में उसकी संपत्ति कुर्क कर दी थी।

इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान खालिस्तान समर्थक नारे भी लगाए।

‘दल खालसा’ के प्रवक्ता कंवर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने संगठन के 82 सदस्यों को गिरफ्तार किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)