चंडीगढ़, छह सितंबर पंजाब पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को 15 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर सीमा के आर-पार मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने एक बयान में कहा कि पुलिस ने एक कार भी जब्त की है, जिसमें सवार होकर आरोपी हरप्रीत सिंह जा रहा था। पुलिस महानिदेशक के अनुसार, हरप्रीत सिंह चोहला साहिब का निवासी है और अमृतसर के न्यू रंजीतपुरा में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि ग्राम रक्षा समिति से मिली जानकारी के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने काठुनांगल इलाके में अभियान चलाया और सिंह की कार से हेरोइन मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सिंह के चार सहयोगियों को भी मामले में नामजद किया है, जिनकी पहचान गगनदीप सिंह उर्फ गुग्गू उर्फ हद्दी, राहुल सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट (सभी जांडियाला गुरू के निवासी हैं) तथा गगनदीप सिंह (खादूर साहिब के निवासी) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (सीमावर्ती क्षेत्र अमृतसर) नरिंदर भार्गव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से खुलासा हुआ है कि हेरोइन की यह खेप हैप्पी जट्ट की थी और हरप्रीत सिंह उसके निर्देश पर उसे पहुंचाने जा रहा था।
उन्होंने बताया कि जट इस सरगना का मुख्य सूत्रधार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY