देश की खबरें | पंजाब कैबिनेट ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि दी

लुधियाना, 28 अप्रैल पंजाब मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया।

कैबिनेट की बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने दो मिनट का मौन रख कर अकाली नेता को श्रद्धांजलि दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मंत्रिपरिषद ने दिवंगत बादल को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने का साहस प्रदान करने की कामना की।

इस बार कैबिनेट की बैठक चंडीगढ़ के बाहर लुधियाना के सर्किट हाउस में हुई।

पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया था।

बादल की तबीयत ठीक नहीं थी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 16 अप्रैल को उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बादल का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को पंजाब के मुक्तसर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)