देश की खबरें | पंजाब विधानसभा चुनाव: धुरी से चुनाव लड़ेंगे आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान

चंडीगढ़, 20 जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान पंजाब में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

आप के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में मोहाली में घोषणा की। मान को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 18 जनवरी को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था।

चड्ढा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप ने फैसला किया है कि 2022 के पंजाब चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के हमारे उम्मीदवार धुरी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।’’

हास्य कलाकार से नेता बने मान (48) संगरूर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। धुरी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस विधायक दलवीर सिंह गोल्डी कर रहे हैं। धुरी सीट, संगरूर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।

चड्ढा ने कहा कि धुरी के लोग मान को ‘‘अपना प्यार और आशीर्वाद’’ देंगे और उन्हें रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दिलाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह निर्वाचन क्षेत्र न केवल आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे का है, बल्कि उस व्यक्ति का भी है जो पंजाब का मुख्यमंत्री बनेगा।’’

इस घोषणा पर, फेसबुक पर अपने आधिकारिक पेज पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मान ने कहा कि वह खुश हैं कि वह धुरी से चुनाव लड़ेंगे।

चड्ढा ने दावा किया कि चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों से पता चलता है कि आप पंजाब में अगली सरकार बनाने जा रही है।

चड्ढा ने कहा, ‘‘पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने पिछले 50 वर्षों में राज्य को ‘‘लूटा’’ है। चड्ढा ने कहा, ‘‘लोग अरविंद केजरीवाल के शासन के मॉडल को मौका देना चाहते हैं।’’

मान के धुरी से चुनाव लड़ने के बारे में चड्ढा ने कहा कि यह पार्टी की ‘राजनीतिक रणनीति’ का हिस्सा है। हालांकि, चड्ढा ने यह भी कहा कि पंजाब के लोग मान को इतना प्यार करते हैं कि अगर वह किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं तो वह वहां से जीतेंगे।

आप के पंजाब सह प्रभारी चड्ढा ने कहा कि मान पूरे राज्य में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि केवल आप ही 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के साथ उतरेगी।

चड्ढा ने कहा, ‘‘शिरोमणि अकाली दल ने ऐसा नहीं किया। कांग्रेस अंदरूनी कलह के कारण इसकी घोषणा नहीं कर सकती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कैप्टन साब (पंजाब लोक कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह) दौड़ में नहीं हैं। संयुक्त समाज मोर्चा ने भी आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा नहीं की है।’’

पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है। मतगणना 10 मार्च को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)