देश की खबरें | पंजाब: जबरन वसूली मामले में आप विधायक जगदीप कंबोज के पिता गिरफ्तार

जलालाबाद (पंजाब), 21 अप्रैल पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जगदीप कंबोज 'गोल्डी' के पिता सुरिंदर कंबोज को शुक्रवार को जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जलालाबाद थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज करने के बाद सुरिंदर कंबोज को गिरफ्तार किया गया।

प्रॉपर्टी डीलर एवं जलालाबाद निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर सुरिंदर और दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कानून सबके लिए समान है। उन्होंने मोगा जिले में संवाददाताओं से कहा, "मैंने यह पहले भी कहा है कि गलत काम में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति से कानून के मुताबिक निपटा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।"

संपर्क करने पर जलालाबाद के विधायक गोल्डी कंबोज ने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर वह मेरे पिता हैं, तो इससे उन्हें लोगों को धोखा देने का कोई अधिकार नहीं मिल जाता है।"

विधायक ने कहा कि उनके पिता उनके साथ नहीं रह रहे हैं।

गोल्डी ने पिछले साल विधानसभा चुनाव में जलालाबाद में शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को हराया था। उन्होंने कहा, "मुझे पुलिस से घटना की जानकारी मिली। गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जलालाबाद के विधायक के पिता ने बलात्कार की एक कथित फर्जी शिकायत में उन्हें बचाने का वादा करके 10 लाख रुपये की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)