देश की खबरें | पुजारा ने सौराष्ट्र के साथी खिलाड़ियों के साथ नेट अभ्यास किया

नयी दिल्ली, 22 जून भारतीय टेस्ट टीम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और कप्तान जयदेव उनादकट के साथ रणजी चैम्पियन सौराष्ट्र के खिलाड़ियों ने तीन महीने के बाद नेट पर वापसी की।

मार्च में रणजी ट्राफी का खिताब जीतने के बाद पहली बार टीम के खिलाड़ियों ने नेट अभ्यास सत्र में भाग लिया।

यह भी पढ़े | राजस्थान: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने विधायक बलवान पूनिया को पार्टी से एक साल के लिए किया निलंबित: 22 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुजारा तेज गेंदबाज उनादकट, बल्लेबाज अर्पित वसावडा और मध्यम गति के गेंदबाज प्रेरक मांकड़ के साथ राजकोट के बाहरी इलाके में स्थित अपनी अकादमी में अभ्यास कर रहे है।

देश के बड़े शहरों की तुलना में राजकोट में कोविड-19 महामारी का असर कम है । यहां अब तब इस बीमारी के 185 मामले आये है।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: 7वीं सीपीसी के तहत यहां मिल रही है तगड़ी सैलरी, फटाफट करें अप्लाई.

बंगाल के खिलाफ खेले गये रणजी ट्राफी के फाइनल में मैन ऑफ द मैच रहे वसावडा ने कहा, ‘‘ हम लगभग 10 दिनों से अभ्यास कर रहे है। हम हालांकि लॉकडाउन के दौरान अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे, लेकिन नेट पर अभ्यास का कोई विकल्प नहीं है। यह बहुत अच्छा लगता है। हम अभ्यास करते समय सभी सरकारी दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं।’’

पेशेवर क्रिकेटरों को मैच फिटनेस हासिल करने के लिए चार से छह सप्ताह की आवश्यकता होगी, लेकिन गेंदबाजों के लिए यह अधिक मुश्किल होगा क्योंकि लंबे ब्रेक के बाद उनके चोटिल होने का खतरा अधिक होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ जेडी भाई (उनादकट) भी अब हमारे साथ अभ्यास कर रहे है और नेट पर अपना समय बढ़ा रहे है। वह गेंद पर लार के इस्तेमाल के बिना गेंदबाजी (आईसीसी ने हाल ही में लार के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया है) कर रहे है।’’

वसावड़ा ने कहा, ‘‘ शुरुआत में हम 10-15 मिनट का अभ्यास करते थे लेकिन धीरे-धीरे हमने अपना समय बढ़ाया। आपको लय पाने के लिए कुछ समय चाहिए होता है, अब स्थिति सामान्य है।’’

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण अगस्त से शुरू होने वाला घरेलू सत्र और आगे बढ़ सकता है।

पुजारा की अगली बड़ी परीक्षा दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हो सकती है।

उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया में अपना फोटो साझा किया जिसमे वह अभ्यास करते दिख रहे है।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘वापसी कर रहा हूं... पहले लग रहा था कि काफी लंबा समय हो गया लेकिन जैसे ही बल्लेबाजी अभ्यास के लिए तैयार हुआ, लगा जैसे कल की ही बात हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)