कोच्चि/कोझिकोड़, पांच मई विवादित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का शुक्रवार को केरल में विभिन युवा मंचों ने विरोध और इसके खिलाफ प्रदर्शन किया। फिल्म आज ही देश भर में रिलीज हुई है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के युवा मोर्चा राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस (एनवाईसी) और फैटरनिटी मूवमेंट ने कोच्चि में स्थानीय सिनेमाघर के बाहर प्रदर्शन किया। कोच्चि केरल की व्यावसायिक राजधानी है।
हाथों में तख्तियां लिए एनवाईसी के प्रदर्शनकारियों ने सिनेमाघर के बाहर नारेबाजी की और फिल्म पर पाबंदी लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि फिल्म में दक्षिण भारतीय राज्य की गलत छवि पेश की गई है।
बाद में पुलिस ने उन्हें सिनेमाघर परिसर से बाहर निकाल दिया।
फैटरनिटी मूवमेंट के कार्यकर्ताओं, महिलाओं ने कोच्चि में सिनेमाघर तक मार्च निकाला और आरोप लगाया कि फिल्म झूठ का पुलिंदा है और लोगों को भ्रमित करने के संघ परिवार एजेंडा का हिस्सा है।
प्रदर्शनकारियों ने सिनेमाघर के पास सड़क पर लगे अवरोधकों को पार करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। बाद में उन्होंने रोड पर धरना दिया और फिल्म तथा उसके निर्माताओं के खिलाफ नारे लगाए।’’
एक मुस्लिम संगठन के नेता ने कहा, ‘‘केरल ऐसा राज्य है जहां क्षेत्रों और समुदायों के लोग एकजुट होकर रह रहे हैं। ऐसी फिल्म का लक्ष्य राज्य को साम्प्रदायिक आधार पर बांटना और केरल को उत्तर भारत की तरह बनाना है।’’
संगठन ने कोझिकोड में भी ऐसा ही प्रदर्शन किया।
अदा शर्मा अभिनीत इस फिल्म का लेखन और निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया है और यह आज ही रिलीज हुई है।
केरल उच्च न्यायालय ने इस फिल्म की रिलीज पर पाबंदी लगाने से इंकार कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY