देश की खबरें | ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ प्रदर्शन : गौतमबुद्धनगर में 75 नामजद और 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

नोएडा (उप्र), 17 जून सशस्त्र बलों में भर्ती की घोषित नयी योजना ‘‘ अग्निपथ’’के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर तोड़फोड़ करने के मामले में 75 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मामले में अबतक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की घटना की उपलब्ध तस्वीरों और वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया शुक्रवार की सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे के जेवर टोल के पास प्रदर्शनकारियों ने एक्सप्रेस -वे को जाम कर दिया था।

उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन के आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने उग्र होकर पथराव करना शुरू कर दिया, जिसकी वजह से सड़क पर खड़ी कई निजी बसों के शीशे टूट गए तथा कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए।

प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में जेवर थाना के थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह सहित आठ पुलिसकर्मी व एक बस चालक घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि थाना जेवर पुलिस ने 75 नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने साहिल, मोहित, सौरव, इंद्रजीत, अभिषेक, प्रवीण, चंदन, राहुल, नीरज, संदीप, सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी की पहचान की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)