ऊना (हिमाचल), 27 अक्टूबर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र ने महिलाओं की आय दोगुनी करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाए गए उत्पादों को ई-कॉमर्स के जरिये बेचने का फैसला किया है।
उन्होंने 'आत्मनिर्भर नारीशक्ति से संवाद' कार्यक्रम के दौरान ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 200 ऐसे स्वयं सहायता समूहों को संबोधित किया।
ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लगभग 9,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने स्वयं-सहायता समूहों से तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया ताकि ये बाजार में उपलब्ध ब्रांड के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भविष्य में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए उन्हें ई-कॉमर्स मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में ठाकुर ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नीत सरकारों पर लोगों को लूटने का आरोप लगाया और जांच एजेंसियों द्वारा राज्यों में की गई छापेमारी को लेकर केंद्र पर सवाल उठाने के लिए पार्टी के नेताओं की आलोचना की।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को परीक्षा पेपर लीक मामले में धनशोधन जांच के तहत कांग्रेस की राजस्थान इकाई के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के परिसरों पर छापा मारा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे तथा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के अध्यक्ष वैभव गहलोत को विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में तलब किया।
ईडी की कार्रवाई के बाद, गहलोत ने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नहीं चाहती कि राज्य में महिलाओं, किसानों और गरीबों को पार्टी द्वारा दी गई गारंटी का लाभ मिले।
गहलोत और कई अन्य कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, ठाकुर ने कहा, ‘‘क्या ऐसी स्थिति में कोई कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए? अगर विदेशी मुद्रा का उल्लंघन होता है, तो क्या जांच एजेंसियों को काम नहीं करना चाहिए क्योंकि राज्यों में चुनाव हो रहे हैं? अगर देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराना है तो ऐसी कार्रवाई समय की मांग है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY