देश की खबरें | प्रियंका का केरल की वाम सरकार पर निशाना, धोखाधड़ी और घोटालों की हुकूमत बताया

कोल्लम/करुनागपल्ली (केरल), 30 मार्च कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केरल में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये मंगलवार को प्रचार अभियान के दौरान राज्य की माकपा नीत एलडीएफ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ''धोखाधड़ी और घोटालों'' वाली सरकार है, जो ''उद्योगपतियों'' के घोषणापत्र पर अमल कर रही है।

गांधी ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने वामपंथी घोषणा पत्र लागू करने की शपथ ली थी, लेकिन वास्तव में वह केन्द्र की मोदी सरकार की तरह ''उद्योगपतियों'' के घोषणापत्र पर अमल कर रही है।

उन्होंने कोल्लम में एक जनसभा के दौरान सोना तस्करी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वाम सरकार केरल के ''असली सोने'' यानी राज्य की जनता को पहचानने में नाकाम रही।

गांधी ने आरोप लगाया कि एलडीएफ सरकार ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों को मत्स्य कारोबार का ठेका देकर विदेशी सोने और सोने की तस्करी में अधिक दिलचस्पी दिखाई है।

उन्होंने करुनागपल्ली, कोल्लम और कोट्टाराका में सिलसिलेवार तरीके से जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा, ''इनका एजेंडा राज्य की संपत्ति को उद्योगपतियों को बेचना है।''

गांधी ने वाम मोर्चे पर हिंसक राजनीतिक करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते कुछ वर्षों में युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं की जान चली गई है। लेकिन यह ''अलोकतांत्रिक'' सरकार हत्यारों को ''बचा रही'' है। उन्होंने पेरिया में कथित रूप से माकपा कार्यकर्ताओं के हमले में युवा कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं की मौत की ओर इशारा करते हुए यह बात कही।

'लव जिहाद' के मुद्दे पर कांग्रेस नेता गांधी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री केरल में चुनाव प्रचार के लिये आते है और 'लव जिहाद' जैसे मुद्दे उठाते हैं।

उन्होंने इस मुद्दे पर केरल कांग्रेस (एम) के नेता जोस के मणि के बयान की ओर इशारा करते हुए कहा कि एलडीएफ के सहयोगी दल भी वही बोल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)