देश की खबरें | प्रियंका ने सरकारी आवास खाली किया, चाबियां सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सौंपीं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 30 जुलाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नयी दिल्ली के लोधी एस्टेट इलाके में स्थित अपना सरकारी बंगला बृहस्पतिवार को खाली कर दिया और उसकी चाबियां केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को सौंप दीं।

कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा कि अधिकारियों ने बंगले का पूरा मुआयना किया और पाया कि यह अच्छी हालत में है। इस आधार पर उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी की तरफ से प्रियंका को आवास खाली करने से जुड़ी रिपोर्ट (वैकेशन रिपोर्ट) जारी की और चाबियां प्राप्त की।

यह भी पढ़े | आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10167 नए केस, राज्य में अबतक 1281 लोगों की मौत: 30 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पार्टी ने कहा कि प्रियंका ने बिजली, पानी और दूसरे सभी बकाया बिलों का भुगतान कर दिया तथा वह संपत्ति निदेशालय की तरफ से आवंटन और लीज रद्द किए जाने के संदर्भ में जुलाई महीने के लिए लाइसेंस शुल्क का अंतिम आकलन किए जाने का इंतजार कर रही हैं।

प्रियंका से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वह अभी कुछ दिन गुरुग्राम में रहेंगी और फिर मध्य दिल्ली इलाके में किराये के एक आवास में रहने चली आएंगी।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: सरकारी और प्राइवेट स्कूल 31 अगस्त तक रहेंगे बंद, नाम काटने पर होगी कर्रवाई.

सूत्रों का कहना है कि प्रियंका ने मध्य दिल्ली में अपने रहने के लिए जो आवास तय किया है उसकी रंगाई-पुताई और मरम्मत का काम चल रहा है।

गौरतलब है कि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रियंका से नयी दिल्ली स्थित सरकारी बंगला एक अगस्त तक खाली करने को कहा है। उसकी ओर से जारी आदेश में कहा गया कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्हें मौजूदा आवास ‘35 लोधी एस्टेट’ खाली करना पड़ेगा क्योंकि जेड प्लस की श्रेणी वाली सुरक्षा में आवास सुविधा नहीं मिलती।

सरकार ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी तथा उन्हें जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)