लॉस एंजिलिस, सात अक्टूबर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास ने ईरान की उन “साहसी महिलाओं” के प्रति समर्थन जताया है, जो 22 वर्षीय महसा अमीनी की मौत के मामले पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रियंका (40) ने प्रदर्शनकारी ईरानियों के लिए ‘इंस्टाग्राम’ पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं की तारीफ की।
अभिनेत्री ने लिखा, “मैं आपके साहस की तारीफ करती हूं। अपनी जान जोखिम में डालना, पितृसत्तात्मक व्यवस्था को चुनौती देना और अपने अधिकारों के लिए लड़ना आसान नहीं होता, लेकिन आप साहसी महिलाएं हैं जो हर दिन ऐसा कर रही हैं, चाहे इसकी कीमत कुछ भी हो।”
उल्लेखनीय है कि सितंबर में ईरान की धर्माचार पुलिस ने हिजाब सही तरीके से नहीं पहनने के आरोप में अमीनी को हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद वह थाने में गिर पड़ी और तीन दिन बाद उसकी मौत हो गई थी।
अमीनी की मौत के खिलाफ देश के दर्जनों शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
प्रियंका ने दूसरे लोगों से भी प्रदर्शनकारियों की अपील सुनने और उनका समर्थन करने का अनुरोध किया।
उन्होंने लिखा, “उन सभी लोगों को आगे आना चाहिए, जो दूसरों को प्रभावित कर सकते हैं। इस महत्वपूर्ण आंदोलन को अपनी आवाज दें। जानकारी रखें और आवाज उठाएं, ताकि इन आवाजों को अब चुप रहने के लिए मजबूर न किया जा सके। मैं आपके साथ खड़ी हूं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY