लखनऊ, 16 जुलाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश सरकार पर राज्य में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि उसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ है और यही वजह है कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शाबाशी और प्रमाण पत्र दे रहे हैं।
शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची प्रियंका ने शाम को संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘उत्तर देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और उसके (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) पीछे मोदी जी का हाथ है। वह यहां आकर उन्हें बधाई दे रहे हैं।।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है। कल प्रधानमंत्री जी बनारस आए। उन्होंने सबसे पहले योगी जी को प्रमाण पत्र दिया कि कोविड-19 की दूसरी लहर में उन्होंने अच्छा काम किया, जबकि योगी सरकार बुरी तरह विफल साबित हुई थी।’’
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मोदी ने अपने भाषण में यह भी कहा था कि उत्तर प्रदेश में अब विकासवाद है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूछना चाहती हूं कि यह कैसा विकासवाद है कि जब कोरोना की दूसरी लहर चली थी तब आपने पंचायत चुनाव करवाए। उस दौरान ना जाने कितने लोग संक्रमित हुए। चुनाव में ड्यूटी करने वाले न जाने कितने अध्यापकों की कोविड-19 से मौत हुई लेकिन आपने पंचायत के चुनाव कराए क्योंकि आपने सोचा कि चुनाव के परिणाम आपके पक्ष में आएंगे, मगर परिणाम आपकी इच्छा के अनुसार नहीं आया तब जब जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लाक प्रमुखों का चुनाव हुआ तो आपने हिंसा फैला दी।’’
प्रियंका ने सरकार पर आरोप लगाया, ‘‘आपका प्रशासन, आपकी पुलिस उम्मीदवारों का अपहरण कर रही थी। नामांकन पत्र फाड़े जा रहे थे। महिला उम्मीदवारों को मारा पीटा जा रहा था। उनके वस्त्र खींचे जा रहे थे। तमाम जिलों में प्रशासन सदस्यों को धमकी दे रहा था।’’
इससे पहले, प्रियंका दोपहर में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पहुंची। उसके बाद वह 'कौल हाउस' के लिए निकलीं। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका ने हजरतगंज पहुंचकर जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उसके बाद उन्होंने सरकार के खिलाफ गांधी प्रतिमा के सामने मौन धारण करके धरना शुरू कर दिया।
इस बीच, प्रदेश महिला कांग्रेस की मध्य जोन इकाई की उपाध्यक्ष और मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी उरूसा राना ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह गांधी प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन से पहले प्रियंका का अभिवादन करने उनके नजदीक पहुंचीं तो लल्लू ने उन्हें बेइज्जत करके वहां से चले जाने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY