देश की खबरें | तिहाड़ जेल में कैदी ने कैदी की जान ली

नयी दिल्ली, 29 जून दिल्ली के तिहाड़ जेल में सोमवार को एक कैदी ने दूसरे कैदी की धारदार नुकीली वस्तु से गोदकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों में पुरानी दुश्मनी होने का संदेह है।

अधिकारी ने बताया कि 21 वर्षीय जाकिर नामक कैदी ने 27 वर्षीय मोहम्मद महताब के पेट और गले सहित शरीर के कई हिस्सों पर धातु की नुकीली वस्तु से सुबह छह बजे केंद्रीय कारागार संख्या 8/9 में हमला किया।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,257 नए केस: 29 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

महानिदेशक (कारावास) संदीप गोयल ने बताया कि जाकिर को हाल में पांच नंबर की जेल से 8/9 नंबर की जेल में स्थानांतरित किया गया था।

उन्होंने बताया कि महताब के गले में गहरा जख्म था और जेल की ही डिस्पेंसरी में उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े | कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने BSP चीफ मायावती को फिर बताया बीजेपी की प्रवक्ता, कहा- किसी पार्टी के साथ खड़े होने का कोई मतलब नहीं.

गोयल ने कहा कि हमले की वजह पुरानी निजी दुश्मनी लगती है।

उन्होंने बताया कि जाकिर के खिलाफ हरी नगर पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

महानिदेशक ने बताया कि पूछताछ की प्रक्रिया मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट द्वारा की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि महताब 2014 में अंबेडकर नगर में हुए दुष्कर्म के मामले में आरोपी था और तब से ही जेल में था। जाकिर जैतपुर में हुई हत्या का आरोपी है और 2018 से जेल में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)