Sri Lanka Tour of Afghanistan 2026 Schedule: पहली बार श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज की मेजबानी करेगा अफगानिस्तान, जानें पूरा कार्यक्रम
श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Sri Lanka Tour Of Afghanistan 2026 Schedule: अफगानिस्तान क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है. यह पहली बार होगा जब अफगानिस्तान, श्रीलंका की मेजबानी करेगा. दोनों टीमों के बीच 13 मार्च से तीन मैचों की टी20 सीरीज और 20 मार्च से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. यह पूरी सीरीज यूएई (UAE) में आयोजित होगी. यह भी पढ़ें: England vs Pakistan, T20 World Cup 2026 45th Match Stats And Preview: टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इंग्लैंड को पहली बार हरा पाएगा पाकिस्तान? मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

श्रीलंका की मेजबानी को लेकर उत्साहित अफगान बोर्ड

एसीबी के सीईओ नसीब खान ने पहली बार श्रीलंका की मेजबानी को लेकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि यह सीरीज दोनों क्रिकेट बोर्ड के मजबूत रिश्तों को दर्शाती है. उन्होंने कहा, “हम अपने इतिहास में पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करने को लेकर उत्साहित हैं. श्रीलंका हाल के समय में शानदार क्रिकेट खेल रहा है और हमें दो मजबूत टीमों के बीच प्रतिस्पर्धी सीरीज की उम्मीद है.”

Sri Lanka Tour of Afghanistan 2026: पूरा शेड्यूल

टी20 सीरीज

13 मार्च 2026- पहला टी20 (शारजाह)

15 मार्च- दूसरा टी20 (शारजाह)

17 मार्च- तीसरा टी20 (शारजाह).

तीनों टी20 मुकाबले शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.

वनडे सीरीज का शेड्यूल

20 मार्च- पहला वनडे (दुबई)

22 मार्च- दूसरा वनडे (दुबई)

25 मार्च- तीसरा वनडे (दुबई).

वनडे सीरीज के सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे.

2024 में भिड़ी थीं दोनों टीमें

पिछली बार दोनों टीमों की मुलाकात 2024 की शुरुआत में हुई थी, जब अफगानिस्तान ने श्रीलंका का दौरा किया था. उस दौरे में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप की थी. तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी. टी20 सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी वनिंदु हसरंगा ने संभाली थी.

क्या इस बार बदलेगा इतिहास?

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अफगानिस्तान अपनी मेजबानी में पिछली हार का बदला ले पाएगा या फिर श्रीलंका एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखेगा. दोनों टीमों के बीच यह सीरीज रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है, क्योंकि हाल के वर्षों में अफगानिस्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट में तेजी से प्रगति की है. क्रिकेट फैंस के लिए मार्च का महीना रोमांच से भरपूर रहने वाला है.