देश की खबरें | संसद में तेलंगाना पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी ‘अपमानजनक‘ : मंत्री रामा राव

हैदराबाद, 18 सितंबर संसद में तेलंगाना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को ‘अपमानजनक’ करार देते हुए राज्य के मंत्री के.टी. रामा राव ने सोमवार को कहा कि यह ऐतिहासिक तथ्यों के प्रति उनकी घोर ‘‘उपेक्षा’’ को दर्शाता है।

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष रामा राव ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर मोदी की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह कहना कि तेलंगाना ने अपने राज्य के गठन का जश्न नहीं मनाया, न केवल ‘‘तथ्यात्मक रूप से गलत है बल्कि अहंकार को भी दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं तेलंगाना राज्य के गठन के संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की टिप्पणियों से बहुत निराश हूं।’’

रामा राव ने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने राज्य का दर्जा हासिल करने के लिए छह दशकों तक अथक संघर्ष किया और अनगिनत बलिदानों के बाद आखिरकार यह सपना दो जून 2014 को साकार हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज संसद में अपने संबोधन के दौरान इस बात पर अफसोस जताया कि आंध्र प्रदेश से अलग होकर तेलंगाना बनने से दोनों राज्यों में केवल ‘‘कड़वाहट बढ़ी और खून-खराबा हुआ।’’

मंत्री ने दावा किया, ‘‘यह कहना कि तेलंगाना ने अपने राज्य के गठन का जश्न नहीं मनाया, न केवल तथ्यात्मक रूप से गलत है, बल्कि अहंकार को भी दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी की आलोचना करने के अपने प्रयासों में, प्रधानमंत्री मोदी बार-बार तेलंगाना के लोगों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)