पेशावर, 25 मई पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यहां ‘रेडियो पाकिस्तान’ की ऐतिहासिक इमारत के जीर्णोद्धार का काम तत्काल शुरू करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद नौ मई को भड़की हिंसा के दौरान इस इमारत को आग लगा दी गई थी।
शरीफ ने पाकिस्तान में राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक की इमारत का दौरा किया और वहां की गई आगजनी की घटना पर अफसोस जताया।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष खान की गिरफ्तारी के बाद नौ मई को हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे और इस दौरान कई लोगों की मौत हो गई थी। खान के समर्थकों द्वारा कई सैन्य तथा सरकारी प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी।
इस दौरान पेशावर में ‘रेडियो पाकिस्तान’ के मुख्यालय में भी आगजनी की गई थी।
शरीफ ने ‘रेडियो पाकिस्तान’ में रखे कीमती और ऐतिहासिक अभिलेखीय रिकॉर्ड के नुकसान पर निराशा व्यक्त की, जिसे हिंसक भीड़ ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
‘रेडियो पाकिस्तान’ के महानिदेशक ताहिर हसन ने प्रधानमंत्री को हिंसक भीड़ द्वारा ढांचे को पहुंचाए गए नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY