जरुरी जानकारी | द्वारका में प्रदर्शनी-सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली, 14 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को दिल्ली के द्वारका में भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र (आईआईसीसी) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।

विशेष सचिव और आईआईसीसी द्वारका की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुमिता डावरा ने कहा कि परियोजना का पहला चरण पूरा हो चुका है। परियोजना के पहले चरण की लागत लगभग 5,400 करोड़ रुपये है।

आईआईसीसी को व्यापार और उद्योग को आकर्षित करने के मकसद से बैठकों, प्रोत्साहनों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों (एमआईसीई) गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जा रहा है।

पहले चरण में एक सम्मेलन केंद्र और संबंधित सुविधाओं के साथ दो प्रदर्शनी हॉल विकसित किए गए हैं। दूसरे चरण में तीन प्रदर्शनी परिसर, क्षेत्र, होटल, खुदरा दुकानें और कार्यालय स्थल शामिल होंगे।

द्वारका सेक्टर 25 में पूरी परियोजना 25,703 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 221.37 एकड़ क्षेत्र में बनाई गई है। परियोजना की कुल भूमि का आकार भारत मंडपम की 123 एकड़ से अधिक है।

डावरा ने बताया, “आईआईसीसी वैश्विक बैठकें, सम्मेलन और प्रदर्शनियों के लिए एशिया के सबसे बड़े स्थलों में शामिल हो जाएगा। यह परियोजना बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनियों क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दिखाता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)