देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के लिए विश्व के नेताओं को धन्यवाद दिया

नयी दिल्ली, 15 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाओं के लिए विश्व के कई नेताओं को धन्यवाद दिया और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से कहा कि वर्षों से उनके बीच बातचीत से दोनों देशों के संबंधों को काफी मजबूती मिली है।

उन्होंने मैक्रों से कहा कि वे वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

मोदी ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच मजबूत संबंधों के लिए व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए यूएई के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की सराहना की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारे राष्ट्र वर्षों से विकसित मित्रता के बंधन को और मजबूत करते रहेंगे।’’

यूएई नेता ने कहा कि भारत का 78वां स्वतंत्रता दिवस देश की शानदार विकास यात्रा का प्रमाण है।

मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ से कहा, ‘‘हमारे देशों के बीच मित्रता बढ़ती रहे तथा और यह अधिक बहुआयामी बने।’’

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि भारत उनके देश को एक मूल्यवान मित्र मानता है तथा दोनों देश अपने लोगों के फायदे के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

मोदी ने नेपाल और भूटान के नेताओं को भी धन्यवाद दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)