नयी दिल्ली, 22 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'एक राष्ट्र, एक नेता' की विशेष परियोजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के साथ जो हो रहा है वह एक प्रयोग है जिसे अन्य विपक्षी दलों के साथ दोहराया जाएगा।
आप के कानूनी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अधिवक्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने वकीलों से "देश को बचाने" की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी से मेरा कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है। सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री मोदी दोबारा सरकार न बना पाएं। वकीलों ने स्वतंत्रता संग्राम में बड़ा योगदान दिया। महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहब आंबेडकर, मोतीलाल नेहरू- ये सभी वकील थे।’’
केजरीवाल ने कहा, "बहुत कम समय बचा है। आप दिल्ली और देश भर में प्रचार के लिए जो भी कर सकते हैं, कृपया करें।"
उन्होंने वकीलों से कहा कि वह वोट मांगने नहीं आए हैं, बल्कि उनसे "देश बचाने" की अपील करने आए हैं।
उच्चतम न्यायालय से चुनाव प्रचार के लिए एक जून तक अंतरिम जमानत प्राप्त करने वाले केजरीवाल ने कहा, "देश में जो हो रहा है वह खतरनाक है। उन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया। प्रधानमंत्री एक विशेष परियोजना 'एक राष्ट्र एक नेता' पर काम कर रहे हैं।"
केजरीवाल ने कहा कि मोदी के खिलाफ बोलने वाले विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया जाएगा। उन्होंने जेल भेजे गए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया तथा खुद का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, "उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता दीदी (बनर्जी) के कई मंत्रियों को जेल में डाल दिया है। वे तेजस्वी यादव या पिनराई विजयन को भी जेल में डाल सकते हैं। कोई भी विपक्षी मुख्यमंत्री नहीं बचेगा। उन्होंने राकांपा और शिवसेना को दो भागों में विभाजित कर दिया।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विपक्षी नेताओं को या तो जेल में डाल दिया या उन्हें मरवा दिया तथा चुनाव जीत गए। उन्होंने कहा कि इसी तरह बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश में विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया और बहुमत से जीत हासिल की।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में भी इमरान खान को जेल भेज दिया गया और उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न छीन लिया गया। यहां भी कुछ ऐसा ही हो सकता है या तो वे चुनाव नहीं कराएंगे या फिर कराएंगे भी तो सभी विपक्षी नेता जेल में होंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY