देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने ‘वेव्स’ सम्मेलन को लेकर प्रख्यात हस्तियों के साथ बातचीत की

नयी दिल्ली, सात फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस साल के अंत में आयोजित होने वाले ‘विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन’ (वेव्स) के संबंध में अभिनेता अमिताभ बच्चन और उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों के साथ शुक्रवार को बातचीत की।

आर्थिक क्षेत्र के लिए दावोस में होने वाले आयोजन की तर्ज पर, सरकार ‘वेव्स’ सम्मेलन को मनोरंजन क्षेत्र के भारत के वैश्विक आयोजन के रूप में पेश कर रही है।

भारत और दुनिया की शीर्ष हस्तियां ‘वेव्स’ सम्मेलन के सलाहकार बोर्ड का हिस्सा हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मनोरंजन, रचनात्मकता और संस्कृति की दुनिया को एक साथ लाने वाले वैश्विक सम्मेलन-वेव्स के सलाहकार बोर्ड की एक व्यापक बैठक अभी-अभी संपन्न हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सलाहकार बोर्ड के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं, जिन्होंने न केवल अपना समर्थन दोहराया, बल्कि भारत को वैश्विक मनोरंजन केंद्र बनाने के हमारे प्रयासों को और आगे बढ़ाने के तरीके पर बहुमूल्य विचार भी साझा किए।’’

बातचीत में सुंदर पिचाई, सत्य नडेला, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, चिरंजीवी, मोहनलाल, रजनीकांत, आमिर खान, ए आर रहमान, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, मुकेश अंबानी और आनंद महिंद्रा शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)