प्रेस काउंसिल ने पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी को लेकर उप्र सरकार से रिपोर्ट मांगी
जमात

नयी दिल्ली, 20 मई प्रेस काउंसिल आफ इंडिया (पीसीआई) ने कोविड-19 महामारी के बीच होमगार्ड के जवानों द्वारा सामना की जाने वाली समस्याओं के बारे में कथित तौर पर एक खबर प्रकाशित करने के लिए एक मीडिया संस्थान के संपादक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार से बुधवार को एक रिपोर्ट मांगी।

पीसीआई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रेस काउंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सी के प्रसाद ने चिंता के साथ इस का संज्ञान लिया है कि ‘मीडिया ब्रेक’ के संपादक आशीष अवस्थी के खिलाफ कोविड-19 महामारी के दौरान होमगार्ड के जवानों द्वारा सामना की जाने वाली समस्याओं के संबंध में एक खबर प्रकाशित करने पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उसने कहा, ‘‘मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से मामले के तथ्य पर एक रिपोर्ट मांगी गई है।’’

मंगलवार को पीसीआई ने ‘अरुणाचल टाइम्स’ की एसोसिएट एडिटर तोंगम रीना को कई आनलाइन पोस्ट में शारीरिक हिंसा की धमकी दिये जाने पर चिंता जतायी थी।

गत 23 अप्रैल को उन्होंने ‘अरुणाचल टाइम्स’ में एक लेख प्रकाशित किया था जिसका शीर्षक था, ‘वाइल्डलाइफ हंटिंग आन स्पाइक, सेज एक फारेस्ट आफिशियल’ (वन्यजीव शिकार में बढ़ोतरी, एक वन अधिकारी ने कहा।)

पीसीआई ने कहा कि मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से तथ्य को लेकर एक रिपोर्ट मांगी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)