देश की खबरें | गुयाना, सूरीनाम के राष्ट्रपतियों ने प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में मुर्मू से मुलाकात की

इंदौर (मध्य प्रदेश), 10 जनवरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंगलवार को यहां सूरीनाम और गुयाना के अपने समकक्षों के साथ मुलाकात हुई और उन्होंने भारत तथा दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने एवं विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

यहां 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन से इतर मुर्मू और भारतीय मूल के दोनों नेताओं के बीच अलग-अलग बैठकें हुईं। राष्ट्रपति कार्यालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के साथ बैठक के दौरान, मुर्मू ने तकनीकी सहयोग बढ़ाने और दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र में क्षमता निर्माण और कौशल विकास में योगदान देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सूरीनाम के राष्ट्रपति प्रवासी भारतीयों के सम्मेलन में विशेष अतिथि थे और उन्होंने सोमवार को इस कार्यक्रम को संबोधित किया। विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने सूरीनाम में तकनीकी सहयोग बढ़ाने और क्षमता निर्माण और कौशल विकास में योगदान के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। राष्ट्रपति ने कहा कि हमें पारस्परिक लाभ के लिए अपने व्यापार का विस्तार करने को लेकर मिलकर काम करना चाहिए।’’

राष्ट्रपति मुर्मू की गुयाना के अपने समकक्ष मोहम्मद इरफान अली के साथ भी बैठक हुई और कहा कि तेल और गैस के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग और तालमेल की अपार गुंजाइश है। प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में अली मुख्य अतिथि थे।

मुर्मू ने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुए हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में राष्ट्रपति मुर्मू के हवाले से कहा गया है कि भारत और गुयाना के बीच व्यापार भी बढ़ रहा है।

गुयाना में तेल और गैस की हाल की प्रमुख खोजों की ओर इशारा करते हुए मुर्मू ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में गुयाना और भारत के बीच सहयोग और तालमेल की अपार संभावनाएं हैं। भारत के पास तेल और गैस मूल्य श्रृंखला में अपेक्षित अनुभव और विशेषज्ञता है।’’

मुर्मू ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय निकायों में भारत की उम्मीदवारी और वैश्विक मुद्दों पर नयी दिल्ली की प्राथमिकताओं के निरंतर समर्थन के लिए गुयाना सरकार की सराहना की। इंदौर में आठ जनवरी से शुरू हुए तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में 70 देशों के 3,000 से अधिक अनिवासी भारतीय हिस्सा ले रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)