देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू ने मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में दर्शन किये

मदुरै (तमिलनाडु), 18 फरवरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।

राष्ट्रपति बनने के बाद अपने पहले तमिलनाडु दौरे पर आईं मुर्मू जब दोपहर में प्राचीन मंदिर में पहुंचीं, तो उनका मंदिर की ओर से पूर्ण सम्मान (पूर्णकुंभम) किया गया। राष्ट्रपति ने करीब एक घंटा मंदिर परिसर में बिताया।

इससे पहले तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि और प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री टी मानो थंगराज ने यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुर्मू का स्वागत किया। इस दौरान रवि परंपरागत तमिल परिधान धोती और शर्ट पहने हुए थे।

राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से ट्वीट किया गया, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मदुरै में मीनाक्षी अम्मा के दर्शन के साथ तमिलनाडु का दौरा शुरू किया। उन्होंने देवी मां से सभी की कुशलता के लिए प्रार्थना की।’’

राष्ट्रपति भवन ने भी एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक बच्ची को मुर्मू का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है।

यहां सर्किट हाउस में कुछ समय के प्रवास के बाद राष्ट्रपति कोयंबटूर जाएंगी, जहां वह ईशा योग केंद्र में महा शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)