देश की खबरें | गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की पूजा-अर्चना

गुवाटाही, 14 अक्टूबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने असम की अपनी दो दिवसीय यात्रा के आखिरी दिन शुक्रवार को गुवाहाटी में नीलांचल पर्वत शिखर पर स्थित कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। कामाख्या मंदिर देश में स्थित 51 शक्तिपीठों में से एक है।

इस दौरान राष्ट्रपति के साथ असम के राज्यपाल जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कईं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

शक्तिपीठ के एक पुजारी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘राष्ट्रपति और उनकी बेटी ने मंदिर में गर्भगृह के दर्शन किए और परिक्रमा लगाई। चूंकि दिन के समय राष्ट्रपति के कईं कार्यक्रम निर्धारित हैं, इसलिए उनसे वार्ता नहीं हो सकी।’’

इस साल की शुरुआत में मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान गुवाहाटी की अपनी यात्रा के दौरान कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।

वहीं, राष्ट्रपति ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और असम सरकार की विभिन्न परियोजनाओं की डिजिटल तरीके से आधारशिला रखी। इनमें मॉडल आंगनवाडी केंद्र और राज्य के चाय बागान में स्कूल शामिल हैं।

मुर्मू ने गुवाहाटी-लुमडिंग मार्ग पर शोखुवी (नगालैंड) और मंडीपाथर (मेघालय) तक विस्तारित एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नगालैंड और मेघालय के बीच पहली सीधी यात्री ट्रेन सेवा है।

राष्ट्रपति ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श तीन हज़ार ‘‘आंगनवाड़ी केंद्रों’’ और सार्वभौमिक घरेलू विद्युतीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने से जुड़े ‘‘मिशन सौभाग्य’’ योजना का शुभारंभ किया। मुर्मू ने सिलचर के मोईनारबॉन्ड में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के रेल-फेड पेट्रोलियम स्टोरेज डिपो का उद्घाटन किया।

अपनी असम यात्रा के अंतिम दिन मुर्मू ने असम के चाय बागान क्षेत्रों में 100 आदर्श माध्यमिक विद्यालयों की आधारशिला रखी। इसके अलावा, राष्ट्रपति ने गुवाहाटी के अघतोरी में दो राजमार्ग परियोजनाओं और एक आधुनिक कार्गो-सह-कोचिंग टर्मिनल का भी उद्घाटन किया।

राष्ट्रपति के रूप में अपनी पहली असम यात्रा के तहत मुर्मू बृहस्पतिवार को गुवाहाटी पहुंचीं थीं।

उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया था और आधारशिला रखी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)