देश की खबरें | प्रज्वल रेवन्ना प्रकरण: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने की डीजीपी से चर्चा

बेंगलुरु, छह मई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जनता दल (सेक्युलर) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना को देश वापस लाने के प्रयासों के बीच सोमवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक मोहन के साथ चर्चा की।

प्रज्वल ने एक मई को फेसबुक पर एक पोस्ट में सात दिन में भारत लौटने की बात कही थी लेकिन प्रज्वल के वापस लौटने के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

हासन लोकसभा सीट से प्रज्वल (33) फिर से चुनाव मैदान में हैं जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। वे जद (एस)-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार हैं।

जद (एस) पिछले साल सितंबर में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गया था।

बताया जाता है कि प्रज्वल ने मतदान के एक दिन बाद 27 अप्रैल को देश छोड़ दिया था। उनके खिलाफ ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया है।

प्रज्वल के खिलाफ बलात्कार और छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए हैं। उनके पिता और विधायक एचडी रेवन्ना को एक महिला का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)