नयी दिल्ली, 22 अगस्त सार्वजनिक क्षेत्र की पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) बोनस शेयर जारी करने के लिये शेयरधारकों से मंजूरी लेगी।
पीएफसी ने अपने प्रतिभूति प्रीमियम खाते से 660.02 करोड़ रुपये तक का उपयोग कर बोनस शेयर जारी करने का प्रस्ताव किया है। यह प्रस्ताव इस रूप से किया गया है कि प्रत्येक शेयरधारक 10 रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक चार इक्विटी शेयर के लिये 10 रुपये के नये इक्विटी शेयर का हकदार हो।
सालाना आम बैठक (एजीएम) के एजेंडा के अनुसार प्रस्ताव पर 12 सितंबर को होने वाली एजीएम की बैठक में विचार किया जाएगा।
पीएफसी के निदेशक मंडल की 11 अगस्त को हुई बैठक में प्रतिभूति प्रीमियम खाते से 660.02 करोड़ रुपये तक का उपयोग कर शेयरधारकों को प्रत्येक चार शेयर के बदले एक शेयर जारी करने की सिफारिश की गयी।
कंपनी परमिन्दर चोपड़ा को चेयरमैन और प्रबंध निदेशक नियुक्त करने के बारे में भी शेयरधारकों से मंजूरी लेगी।
बिजली मंत्रालय के 14 अगस्त, 2023 के आदेश के बाद निदेशक मंडल ने चोपड़ा को तत्काल प्रभाव से चेयरमैन और प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश की थी।
सेबी के नियमों के अनुसार चोपड़ा को कंपनी के निदेशक मंडल में नियुक्ति के लिये शेयरधारकों से मंजूरी की जरूरत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY