देश की खबरें | पोर्श कार दुर्घटना : खून के नमूने बदलने के मामले में दो लोग गिरफ्तार

पुणे, 20 अगस्त महाराष्ट्र के पुणे के पोर्श कार दुर्घटना मामले में नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद नाबालिगों के रक्त के नमूनों की कथित अदला-बदली के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में उन दो नाबालिगों में से एक का पिता भी शामिल है, जो 17 वर्षीय उस चालक के साथ था जब उसने 19 मई को कल्याणी नगर में उसने तेज रफ्तार पोर्श कार से मोटरसाइकिल सवार दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी।

सोमवार देर रात दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पोर्श कार दुर्घटना मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार सुबह कहा, “कार में नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद दो नाबालिगों के खून के नमूने इन दो गिरफ्तार व्यक्तियों के खून के नमूनों से बदले गए थे।”

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये दो लोगों में से एक घटना के वक्त आरोपी के साथ गाड़ी में मौजूद दो अन्य नाबालिगों में से एक का पिता है।

गिरफ्तार लोगों को मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 26 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 19 मई को तड़के कथित तौर पर नशे की हालत में कार चला रहे नाबालिग लड़के ने मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला समेत दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई थी।

लड़के का पिता जाना-माना बिल्डर है।

लड़के के माता-पिता, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के तत्कालीन प्रमुख डॉ. अजय तावड़े, डॉ. श्रीहरि हल्नोर और ससून अस्पताल के एक कर्मचारी अतुल घाटकांबले को नाबालिग के खून के नमूनों को उसकी मां के नमूनों के साथ बदलने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)