देश की खबरें | झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

रांची, 14 मई झारखंड में शनिवार सुबह पहले चरण के पंचायत चुनाव में बड़ी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 21 जिलों के 72 ब्लॉक के 14,079 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।

अधिकारियों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक 15 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 52 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

पुलिस अधीक्षक हरुदीप पी जनार्दनन ने बताया कि पश्चिम बंगाल सीमा पर पाकुड़ जिले के इलामी पंचायत में ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा, ''अगर कोई चुनाव के दौरान गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।''

रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने सुबह चुनाव नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में उन्हें तत्काल सूचित किया जाए।

रांची जिले के चार ब्लॉक में मतदान जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, लोहरदगा जिले के नक्सलवाद प्रभावित पेशरार और किस्को ब्लॉक में मतदान सुचारू रूप से चल रहा है।

चुनाव के बहिष्कार के नक्सलियों के आह्वान के बीच हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं, खासकर महिलाओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही थीं। मतदान केंद्रों भारी संख्या में जवानों की तैनाती भी की गई थी।

कुल 5,704 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 5,450 मतदान केंद्रों की पहचान अति संवेदनशील के रूप में की गई है।

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि रामगढ़, गिरिडीह और देवघर में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, ''झारखंड में शनिवार को पहले चरण के पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। सभी उम्मीदवारों, मतदाताओं और चुनाव कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व की शुभकामनाएं।''

पहले चरण में 1,127 पंचायतों में 7,303 पंचायत सदस्यों, 1,117 मुखियाओं, 1,256 पंचायत समिति सदस्यों और 143 जिला परिषद सदस्यों के चयन के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 30,221 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पहले चरण में 6,231 सीटों पर निर्विरोध निर्णय लिया गया था।

मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा और 17 मई को मतों की गिनती होगी।

झारखंड में पंचायत चुनाव चार चरणों में होंगे और अंतिम चरण के लिए वोट 29 मई को डाले जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)