देश की खबरें | राजनीतिक नेता कॉरपोरेट क्षेत्र के लोगों से मिलते रहते हैं: पवार-अडाणी की बैठक पर राउत ने कहा

मुंबई, 21 अप्रैल शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार की उद्योगपति गौतम अडाणी से मुलाकात को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि राजनीतिक नेता कॉरपोरेट क्षेत्र के लोगों से मिलते रहते हैं।

अडाणी समूह के अध्यक्ष ने एक दिन पहले राकांपा प्रमुख से मुलाकात की थी।

राउत ने यहां पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘शरद पवार या फिर हर बड़ा नेता कॉरपोरेट क्षेत्र के लोगों से मिलता है।’’

इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस महीने की शुरुआत में पवार ने कहा था कि अडाणी समूह के खिलाफ अमेरिका स्थित हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त समिति एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की तुलना में अधिक उपयोगी होगी।

राकांपा प्रमुख उन विपक्षी नेताओं से असहमत दिखे थे जो अडाणी मुद्दे पर जेपीसी की मांग कर रहे हैं। बाद में, पवार ने कहा था कि वह जेपीसी की मांग का विरोध नहीं करेंगे।

अडाणी और पवार की मुलाकात के बाद राउत ने भी राकांपा प्रमुख से मुलाकात की।

राउत ने कहा, ‘‘हम बैठक करते रहते हैं और पवार महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के एक प्रमुख नेता हैं। अगर हम या कांग्रेस के नेता पवार से मिलें तो आश्चर्य क्या है। हमने देश और राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा की।’’

महा विकास आघाड़ी में शिवसेना (यूबीटी), राकांपा और कांग्रेस शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)