देश की खबरें | आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश के लिए प्रभावी कार्रवाई करे पुलिस: गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था को बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जयपुर, 15 अप्रैल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था को बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गहलोत ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि पुलिस का पूरा ध्यान अपराधी को पकड़कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने पर होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए दृष्टिकोण के साथ आपराधिक मामलों की जांच एवं निगरानी करने के साथ ही अपराधियों को सजा दिलवाकर पीड़ितों को त्वरित न्याय सुनिश्चित करें, ताकि अपराधियों में भय व्याप्त हो।
बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार बैठक में गहलोत ने कहा कि पिछले दिनों राजस्थान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का प्रदेशभर में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है तथा आपराध दर में निरंतर कमी आई है।
गहलोत ने पुलिस व प्रशासन को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न परिस्थितियों एवं घटनाओं में शव को लेकर धरने पर बैठने, रास्ता रोकने तथा कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने जैसे मामलों पर चिंता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पीड़ित परिवार को गुमराह किया जाता है तथा पुलिस व प्रशासन के प्रति भड़काने का कार्य किया जाता है जिससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था बिगड़ने के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बयान के मुताबिक गहलोत ने निर्देश दिए कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई मामलों में सामाजिक दबाव के कारण पीड़ित परिवार 'हॉस्टाइल' हो जाते है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी स्थितियों में वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों को सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2023 07:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

