हैदराबाद, पांच जुलाई हैदराबाद में एक विशेष अभियान के तहत कबाड़ की एक दुकान पर छापा मारने गए माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के दो अधिकारियों को व्यापारियों के एक समूह ने अगवा कर लिया और उनकी रिहायी के बदले फिरौती की मांग की। हालांकि पुलिस ने दोनों अधिकारियों को बुधवार को छुड़ा लिया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि व्यापारियों के समूह पर अधिकारियों के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले का रहने वाला आरोपी कबाड़ का काम करता है और तीन अन्य व्यापारियों के साथ शहर के सरूरनगर पुलिस थानाक्षेत्र में अपनी दुकान चलाता है। आरोपियों पर दो जीएसटी अधिकारियों पर कथित रूप से हमला करने का आरोप है, जो कि छापेमारी अभियान के दौरान सादे कपड़ों में थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दो जीएसटी अधिकारी (खुफिया विभाग), नकली जीएसटी पंजीकरण की पहचान का पता लगाने के लिए एक विशेष अभियान के तहत दुकान पर छापा मारने के लिए पहुंचे थे लेकिन दुकान मालिक ने उनके पहचानपत्र और छापा मारने का वारंट लेने के बाद उन पर कथित रूप से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि दोनों अधिकारियों को अगवा कर लिया गया और आरोपी उन्हें एक वाहन में किसी अज्ञात स्थान पर ले जाने लगे। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने दोनों (जीएसटी) अधिकारियों को छोड़ने के लिए पांच लाख रुपये की फिरौती भी मांगी।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अधिकारियों ने तुरंत मामले की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों की दी, जिन्होंने रचाकोंडा पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन को घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर एक जांच चौकी पर रोक लिया गया और दोनों अधिकारियों को छुड़ा लिया गया।
पुलिस ने कहा कि चारों व्यापारियों को हिरासत में ले लिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि अगवा करने, फिरौती मांगने, सरकारी अधिकारियों को कार्य करने में बाधा उत्पन्न करने से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY