नयी दिल्ली, आठ जून जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने और उनका अपहरण करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार एक युवक के तीन अन्य सहयोगियों की पुलिस तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के सदस्यों ने बुधवार को आरोप लगाया कि नशे में धुत कुछ कार सवार परिसर में मंगलवार को घुस आए और उन्होंने दो छात्राओं का अपहरण करने की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं।
जेएनयूएसयू के मुताबिक दो शिकायतें जेएनयू के विद्यार्थियों से प्राप्त हुई हैं, जिनमें से एक हमले को लेकर और दूसरी छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास से संबंधित है।
पुलिस ने पहले बताया था कि गिरफ्तार युवक की पहचान गुड़गांव निवासी अभिषेक के रूप में हुई है।
अभिषेक मुनिरका गांव में रहता था और करीब चार-पांच महीने पहले गुड़गांव शिफ्ट हो गया था। सूत्रों ने बताया कि उसने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल एमबीए की तैयारी कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक कथित घटना के दौरान अभिषेक कार चला रहा था।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विश्वविद्यालय परिसर में चार लोग एक शख्स से मिलने और खाना खाने भी आए थे। यह भी पता चला है कि वे पीड़ित छात्राओं को नहीं जानते थे। सूत्रों ने कहा कि घटना के समय अभिषेक के साथ मौजूद तीन अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने बताया है कि वह मंगलवार को दो बार परिसर में एक छात्र से मिलने आया था, हालांकि उसके बयान की जांच की जा रही है।
घटना के कुछ घंटे बाद विश्वविद्यालय के सुरक्षा विभाग ने परिसर में बाहरी वाहनों का प्रवेश रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंधित कर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY