देश की खबरें | पुलिस का दावा : अपहृत लैब टेक्नीशियन की हत्या हुई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कानपुर (उप्र), 24 जुलाई जनपद के बर्रा थाना क्षेत्र से लैब टेक्नीशियन के अपहरण और फिरौती के 30 लाख रुपये दिये जाने के महीने भर बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात को दावा किया कि टेक्नीशियन की अपहरण के हफ्ते भर बाद ही हत्या कर दी गयी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि अपराध और निगरान शाखा सहित कई पुलिस दल आगे गिरफ्तारियों और टेक्नीशियन के शव को बरामद करने के लिए लगाये गए हैं।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश की BJP सरकार पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने लगाया आरोप, कहा- जंगलराज में गुंडों के सामने समर्पण कर चुकी है कानून-व्यवस्था.

एसएसपी ने बताया कि टेक्नीशियन की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन का भी पता लगाने की कोशिश हो रही है जो उसके अपहरण के बाद से ही गायब हैं ।

उन्होंने बताया कि कई संदिग्ध लोग इस सिलसिले में गिरफ्तार किये गये और उनसे विस्तृत पूछताछ की गयी । इनमें से दो ने अपराध करना स्वीकार किया।

यह भी पढ़े | ShareIt Lite, Bigo Lite, Helo Lite, VFY Lite: बैन किए गए चीनी ऐप्स के लाइटर वर्जन को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से हटाया गया.

प्रभु ने बताया, “आरोपियों ने खुलासा किया कि एस यादव (27) का उन्होंने अपहरण किया था। वे यादव के साथ पहले किसी अन्य पैथलॉजी में कार्य करते थे। उन्होंने यादव को 26 या 27 जून को मार दिया और यादव को शव को पांडु नदी में फेंक दिया था।”

एसएसपी ने बताया कि 22 जून को बर्रा निवासी यादव का अपहरण किया गया था । उसके परिवार वालों ने 23 जून को बर्रा थाने में यादव के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करायी थी । तीन दिन बाद मामले में अपहरण की धाराएं जोड़ी गयीं ।

यादव के परिवार वालों का आरोप था कि अपहर्ताओं ने पिता चमन सिंह यादव को मोबाइल फोन पर कॉल कर 30 लाख रुपये फिरौती मांगी थी।

परिवार वाले मीडिया के सामने आये और बताया कि उन्होंने 30 लाख रुपये से भरा बैग पुलिस की मौजूदगी में एक फ्लाईओवर से रेल पटरी पर फेंका था। उन्होंने वही किया जो अपहर्ताओं ने कहा था लेकिन अपहर्ताओं ने यादव को नहीं छोड़ा।

लैब टेक्नीशियन के घर वालों द्वारा 30 लाख रुपये की फिरौती अपहर्ताओं को देने की खबर मीडिया में आने के बाद एसएसपी प्रभु ने कहा था कि वह मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान ले रहे हैं, जिनमें 30 लाख रूपये की फिरौती देने की बात सामने आयी है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार से बात भी कर रहे हैं और कोई गलत पाया गया तो उसे दंडित किया जाएगा ।

उस समय एसएसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि यादव की सुरक्षित वापसी करायी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)