देश की खबरें | पुलिस मुठभेड़ में अष्टधातु की मूर्तियों के छह लुटेरे गिरफ्तार, बेशकीमती मूर्तियां बरामद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

आजमगढ़ (उप्र), 29 जुलाई जिले के मुबारकपुर थाने की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अष्टधातु मूर्ति लूटने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करके उनके पास से मुबारकपुर के रामजनकी मंदिर से लूटी गयी अष्टधातु की छह बेशकीमती मूर्तियां बरामद की जबकि गिरोह के तीन सदस्य फरार हो गये।

पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया मुबारकपुर थानाक्षेत्र के कस्बे में स्थित रामजानकी मन्दिर के पुजारी जयंत तिवारी को 24/25 मई की रात को अज्ञात बदमाशों ने हाथ-पैर बांधकर मंदिर में रखी अष्टधातु की बेशकीमती छह मूर्तियां असलहे के बल पर लूट ली थीं। इन मूर्तियों में भगवान राम, लक्ष्मण, जानकी आदि की मूर्तियां थीं।

यह भी पढ़े | कैबिनेट ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को मंजूरी दी: 29 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस को एक महीने तक मूर्ति चोरों को कोई पता नहीं लग सका जिसके बाद स्वाट टीम को लगाया गया। इसी बीच पुलिस की छानबीन में दौरान इन मूर्तिचोरों ने बेशकीमती मूर्तियों को बेचने के लिए अन्तरराष्ट्रीय तस्करों से सम्पर्क साधा तो पुलिस इनके नजदीक पहुंच गयी। पुलिस इन शातिर लुटेरों को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही थी कि बुधवार को स्वाट और मुबारकपुर थाने की पुलिस ने गुजरपार पुलिया के पास से हल्की मुठभेड़ के बाद एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शौरभ गुप्ता उर्फ पांचू गुप्ता, अनिल सोनकर, सूरज गुप्ता, रवींद्र निषाद, परमजीत चौहान और रीता सोनकर शामिल हैं।

यह भी पढ़े | कोरोना को लेकर बड़ी राहत, देश में 10 लाख के करीब पहुंची कोविड-19 को मात देने वालों की संख्या, रिकवरी दर 64.51% दर्ज.

पुलिस ने इनके कब्जे से 2 देसी पिस्तौल, कारतूस, मुबारकपुर के रामजानकी मन्दिर से लूटी गयी अष्टधातु की बेशकीमती राधा- कृष्ण, बलराम, राम, जानकी, सीता जी की मूर्तियां, श्रृंगार के कपड़े आदि बरामद किये। वहीं तीन लुटेरे विपिन मौर्या, पिन्टू वर्मा, राजेन्द्र निषाद फरार हो गये ।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अष्टधातु की मूर्तियों को लुटने वाले गिरोह के छह सदस्यों में एक महिला भी शामिल है। महिला ने पूरे मंदिर की पहले रेकी की और अष्टधातु की मूर्तियों का परीक्षण भी इसी ने किया था। इनके फरार अन्य साथियों की पुलिस सरगर्मी के साथ तलाश कर रही है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)