देश की खबरें | बंगाल में किशोरी की मौत का कारण जहर, शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं: पोस्टमार्टम रिपोर्ट
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 20 जुलाई उत्तर बंगाल में जिस किशोरी की मौत पर बड़े स्तर पर हिंसा हुई, उसकी मौत का कारण जहर था और उसके शरीर पर यौन शोषण या शारीरिक हिंसा का कोई निशान नहीं था।

पुलिस ने किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए सोमवार को यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | चीन और पाकिस्तान के उड़ जाएंगे होश, जुलाई के अंत तक भारत पहुंचेगा विध्वंसक फाइटर प्लेन राफेल.

हालांकि भाजपा ने 17 वर्षीय किशोरी के शव परिक्षण की रिपोर्ट को “असली जुर्म छिपाने की कोशिश” करार दिया और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर मुद्दे को लेकर “तिल का ताड़” बनाने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़े | पीएम मोदी के चेहरे पर ही पश्चिम बंगाल का चुनाव लड़ने की तैयारी में बीजेपी.

गौरतलब है कि मृतका भाजपा के एक कार्यकर्ता की बहन थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, “शरीर के बाहरी हिस्से पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। जहर का प्रभाव है। हालांकि, रासायनिक परीक्षकों की रिपोर्ट आने तक अंतिम राय नहीं दी जा सकती।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि शरीर पर कहीं चोट का कोई निशान नहीं मिला और न ही यौन शोषण या हिंसा का कोई सबूत मिला।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की गई।

किशोरी के बलात्कार और हत्या का शक होने पर उत्तरी दिनाजपुर जिले में रविवार को भीड़ ने हंगामा किया था और सिलीगुड़ी के पास चोपरा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर पुलिस के कई वाहनों और सरकारी बसों को आग लगा दी गई थी।

सोनपुर गांव में रविवार की सुबह जब किशोरी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी तब कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया गया था।

कुछ घंटों बाद उसका शव मिला था और गांववालों का आरोप था कि बलात्कार के बाद किशोरी की हत्या की गई थी।

इसी बीच सोमवार की सुबह चोपरा इलाके में ही एक युवक का शव मिला।

पुलिस दोनों घटनाओं के आपस में जुड़े होने की आशंका की जांच कर रही है।

पुलिस ने यह भी कहा कि उन्होंने रविवार को हुई हिंसा में कथित तौर पर शामिल होने के सिलसिले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।

घटना के कारण तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

भाजपा का दावा है कि किशोरी की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह भाजपा कार्यकर्ता की बहन थी।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी ने आरोप लगाया, “टीएमसी के गुंडों ने लड़की की हत्या कर दी क्योंकि वह भाजपा के एक कार्यकर्ता की बहन थी। पुलिस बलात्कार और हत्या को आत्महत्या का स्वरूप देकर मामले को दबाना चाहती है।”

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को दोषियों को बचाने के लिए “असली जुर्म को छिपाने की कोशिश” बताया।

तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

वरिष्ठ तृणमूल नेता और मंत्री गौतम देव ने कहा, “भाजपा स्थिति का फायदा उठाना चाहती है और तिल का ताड़ बना रही है।”

यश शाहिद

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)