गांधीनगर (गुजरात), 28 अगस्त गुजरात विधानसभा चुनावों में महज कुछ महीनों का समय बाकी रहने के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बंद कमरे में बैठक की।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि शनिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर आए मोदी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय ‘श्री कमलम’ में बैठक की।
भाजपा की बैठक में शामिल होने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने अपने गृह राज्य का दौरा समाप्त किया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल और राज्य से पार्टी की कोर कमेटी के ज्यादातर सदस्य बैठक में शामिल हुए।
बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, राज्य के शिक्षा मंत्री जीतू वघानी, पूर्व मंत्री भूपेंद्रसिंह चुडासमा और गणपत वसावा तथा मौजूदा लोकसभा सांसद भारतीबेन शियाल तथा रंजनबेन भट हैं।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इस साल दिसंबर में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी चुनाव के लिए सत्तारूढ़ पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया तथा जीत के लिए सुझाव दिए।
उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रधानमंत्री की बैठक उनके आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं थी और इसकी योजना बाद में बनायी गयी।
वघानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के राज्य नेतृत्व के अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।
बहरहाल, उन्होंने बैठक की जानकारियां नहीं दीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY