नयी दिल्ली, छह सितंबर दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने बुधवार को सिंगापुर जा रहे एक भारतीय यात्री के बैग से कथित रूप से एक देशी पिस्तौल और दो खाली मैगजीन बरामद कर उसे पकड़ लिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर सुबह करीब आठ बजे सुरक्षा जांच के दौरान पी दास नामक इस यात्री को पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि पी दास को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सिंगापुर जाने के लिए इंडिगो की उड़ान में सवार होना था लेकिन उसे सीआईएसएफ कर्मियों ने उतारकर जांच के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि दास इस बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया कि वह हवाई अड्डे पर हथियार लेकर क्यों आया जबकि हवाई अड्डे पर या विमान में हथियार लेकर चलना निषिद्ध है।
राष्ट्रीय राजधानी में नौ और दस सितंबर को होने वाले जी 20 नेताओं के सम्मेलन के मद्देनजर हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल चाकचौबंद है।
दास पर हथियार कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY