नयी दिल्ली, तीन अगस्त स्विट्जरलैंड के दूतावास ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने शेंगेन वीजा के लिए भारतीय यात्रा समूहों के आवेदन को स्थगित नहीं किया है और सितंबर 2023 के अंत तक लगभग दैनिक आधार पर वीजा के लिए 800 आवेदन स्वीकार किए हैं।
भारत में स्विट्जरलैंड के मिशन ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क स्विट्जरलैंड-भारतीय संबंधों के मूल में है।
दरअसल, मीडिया में ऐसी खबरें आईं हैं कि स्विट्जरलैंड के दूतावास ने शेंगेन वीजा के लिए भारतीय नागरिकों के आवेदन को अगले कुछ महीनों के लिए स्थगित कर दिया है।
स्विट्जरलैंड के दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि मिशन ने भारतीय यात्रा समूहों के लिए शेंगेन वीजा के आवेदनों को स्थगित नहीं किया है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमनें सितंबर 2023 के अंत तक लगभग दैनिक आधार पर वीजा के लिए 800 आवेदन स्वीकार किए हैं, जिनमें 22 यात्रा समूह भी शामिल हैं।’’
शेंगेन वीजा शेंगेन क्षेत्र में छोटे और अस्थायी प्रवास या पारगमन के लिए होता है। एक शेंगेन सदस्य देश द्वारा जारी किया गया वीजा किसी भी शेंगेन सदस्य देश में यात्रा के लिए मान्य होता है।
शेंगेन सदस्य देश ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, डेनमार्क, एस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, हंगरी, आइसलैंड, इटली, लातविया, लिकटेंस्टीन, लिथुआनिया, लक्ज़मबर्ग, माल्टा, नीदरलैंड, नॉर्वे, पोलैंड, पुर्तगाल, स्लोवाकिया , स्लोवेनिया, स्पेन, स्वीडन और स्विट्जरलैंड हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY