रायपुर, आठ फरवरी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली में चुनाव परिणामों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बड़ी जीत की ओर बढ़ने को लेकर शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में भ्रष्टाचार, कुशासन और अराजकता की सभी सीमाएं पार करने वाली ‘आप-दा’ सरकार को जनता ने करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कुशल मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत की जीत है।
साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली के दिल में मोदी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कुशल मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता की भाजपा पर अटूट विश्वास की जीत है।”
साय ने कहा, “छल-कपट ज्यादा दिन तक नहीं चलता। ‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, झूठ और अराजकता की सारी सीमाएं लांघ दी थी। दिल्ली की जनता ने इसका करारा जवाब देते हुए प्रदेश को ‘आप-दा’ मुक्त कर दिया।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को मूलमंत्र मानते हुए सभी वर्गों की चिंता कर रहे हैं। इससे दिल्ली की जनता का विश्वास भाजपा और माननीय प्रधानमंत्री जी पर बढ़ा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता को अच्छे से पता है कि प्रदेश का विकास भारतीय जनता पार्टी से ही संभव है और इस प्रचंड जीत पर दिल्ली की देवतुल्य जनता का आभार और भाजपा कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY