देश की खबरें | कश्मीर घाटी में शब-ए-कद्र की रात बड़ी संख्या में दरगाहों, मस्जिदों में पहुंचे लोग

श्रीनगर, 29 अप्रैल कश्मीर घाटी में लोगों ने शब-ए-कद्र की रात दरगाहों और मस्जिदों में इबादत की तथा डल झील के किनारे स्थित हजरत बल दरगाह में सर्वाधिक संख्या में लोग एकत्र हुए।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि ​​​​कोविड-19 संबंधी प्रतिबंधों के चलते दो साल बाद घाटी में बड़ी मस्जिदों और दरगाहों में इबादत हुई।

रमजान का महीना अब समापन की ओर है और मुसलमानों ने बृहस्पतिवार की रात पूरी घाटी में मस्जिदों और दरगाहों में नमाज़ अदा की तथा कुरान पढ़ी।

अधिकारियों ने कहा कि हज़ारों मुस्लिम श्रद्धालु हजरतबल और घाटी की अन्य मस्जिदों तथा दरगाहों में एकत्र हुए, जिनमें दस्त-ए-गीर साहिब और सैयद याकूब शाह दरगाह भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि हालांकि यहां शहर के नौहट्टा इलाके में ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में सामूहिक नमाज नहीं हुई।

अधिकारियों कहा कि संबंधित मस्जिद के प्रबंध निकाय को सूचित किया गया था कि शब-ए-कद्र और जुमा-तुल-विदा (रमजान के आखिरी शुक्रवार) की नमाज वहां नहीं होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)