विदेश की खबरें | पाकिस्तान एफएटीएफ विधेयक पारित करने के लिए अगले हफ्ते बुलाएगा संसद सत्र

इस्लामबाद, आठ सितंबर पाकिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय असेंबली और सीनेट का नया सत्र क्रमश: 14 और 15 सितंबर को बुलाने का फैसला किया है ताकि धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण सहित महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराया जा सके।

संसद का उच्च सदन धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण से संबंधित विधेयक को एक बार खारिज कर चुका है।

यह भी पढ़े | Canada Coronavirus Cases: कनाडा में कोरोनावायरस के मामलों में रोजाना 25 फीसदी की वृद्धि.

मीडिया में आई खबर के मुताबिक संसद का नया सत्र बुलाने का फैसला सोमवार को प्रधानमंत्री इमरान खान और उनके संसदीय मामलों के सलाहकार बाबर अवान की बैठक में किया गया।

संसद के दोनों सदनों नेशनल असेंबली और सीनेट का सत्र सोमवार को होना था लेकिन उसके स्थगित होने के बाद अवान ने प्रधानमंत्री से भेंट की।

यह भी पढ़े | Sputnik V Vaccine Update: रूस ने तैयार किया कोविड-19 वैक्सीन का पहला बैच.

एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

अवान ने डॉन अखबार को बताया कि बैठक में 14 सितंबर को नेशनल असेंबली की बैठक और 15 सितंबर को सीनेट का सत्र बुलाने का फैसला किया गया।

उन्होंने बताया कि एफएटीएफ संबंधी धनशोधन एवं आतंकवादी वित्तपोषण विधेयक एवं अन्य विधयेकों को मंजूरी के लिए दोनों सदनों में पेश किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पेरिस से संचालित वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) ने जून 2018 में पाकिस्तान को ‘ग्रे’ (संदिग्ध) सूची में डाल दिया था और इस्लामाबाद से वर्ष 2019 तक कार्ययोजना को लागू करने को कहा था। हालांकि कोविड-19 महामारी की वजह से समयसीमा में वृद्धि की गई।

अवान से जब पूछा गया कि पहले से ही निर्धारित सत्र को क्यों स्थगित किया गया तो उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में हुई तबाही की वजह से यह कदम उठाया गया है।

एफएटीएफ संबंधी विधेयक के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार ‘‘राष्ट्रहित के इन विधेयकों’ को पारित करने में देरी करने की अनुमति नहीं देगी।

विपक्ष द्वारा दोबारा एफएटीएफ संबंधी विधेयकों को अस्वीकार किए जाने की स्थिति में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र बुलाने के सवाल पर अवान ने कहा कि अबतक इसकी तारीख तय नहीं की गई है।

गौरतलब है कि अगर पाकिस्तान अक्टूबर 2020 तक एफएटीएफ के निर्देशों का अनुपालन नहीं करता है तो उसे ईरान और उत्तर कोरिया के साथ ‘‘काली सूची’’ में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)