विदेश की खबरें | पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने हमलों को ‘युद्ध की कार्रवाई’ करार दिया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, सात मई पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बुधवार तड़के आतंकी ठिकानों पर भारत की ओर से किए गए मिसाइल हमलों को ‘युद्ध की कार्रवाई’ करार दिया और कहा कि उनके देश को ‘करारा जवाब’ देने का पूरा अधिकार है।

भारतीय सेना ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की साजिश रची गई और उन्हें अमलीजामा पहनाया गया था।

'जियो न्यूज' की खबर के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि पंजाब प्रांत और पीओके में विभिन्न शहरों पर भारतीय सशस्त्र बलों के मिसाइल हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए।

प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में पांच जगहों पर हमले किए।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान को भारत द्वारा किए गए युद्ध के इस कृत्य का मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा अधिकार है और वास्तव में इसका करारा जवाब दिया जा रहा है।’’

शरीफ ने कहा कि उनके सशस्त्र बल ‘‘बहुत अच्छी तरह जानते हैं कि दुश्मन से कैसे निपटना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम दुश्मन को उसके नापाक इरादों में कभी सफल नहीं होने देंगे।’’

शरीफ ने सुबह 10 बजे राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है।

पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को अगले 48 घंटे के लिए सभी हवाई परिचालन के लिए बंद कर दिया है।

उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने भारतीय हमलों को पाकिस्तान की संप्रभुता, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का ‘घोर उल्लंघन’ करार दिया।

उन्होंने 'एक्स' पर एक बयान में कहा, ‘‘इसने (भारतीय कार्रवाई) क्षेत्रीय शांति को खतरे में डाल दिया है।’’

विदेश कार्यालय ने एक बयान में ‘भारतीय वायुसेना द्वारा भारतीय हवाई क्षेत्र में रहते हुए’ किए गए हमलों को ‘युद्ध का अकारण और स्पष्ट कृत्य’ करार दिया।

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 'जियो न्यूज' से कहा, ‘‘हम पूरी ताकत से जवाब देंगे। हम इस कर्ज को उसी तरह चुकाएंगे, जिस तरह से इस कर्ज को चुकाया जाता है।’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की प्रतिक्रिया तीव्र और कूटनीतिक दोनों होगी और भारतीय हमले का जवाब देने में उसे ज्यादा समय नहीं लगेगा।

आसिफ ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय मीडिया के लिए सभी स्थान खुले हैं, ताकि वे पुष्टि कर सकें कि उन्होंने आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया या नागरिकों को।’’

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पीओके के कोटली, मुजफ्फराबाद और बाग तथा पंजाब प्रांत के बहावलपुर और मुरीदके इलाकों को निशाना बनाया।

सैन्य प्रवक्ता ने समाचार चैनल 'एआरवाई' को बताया कि भारत ने बहावलपुर के अहमद ईस्ट इलाके में सुभानउल्लाह मस्जिद, कोटली और मुजफ्फराबाद में तीन जगहों पर हवाई हमले किए।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारी वायुसेना के सभी विमान हवा में हैं। यह कायरतापूर्ण और शर्मनाक हमला भारत के हवाई क्षेत्र से किया गया। उन्हें कभी भी पाकिस्तान के क्षेत्र में आने और घुसपैठ करने की अनुमति नहीं दी गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि पाकिस्तान अपने हिसाब से उचित समय और स्थान पर इसका जवाब देगा। इस घोर उकसावे का जवाब दिया जाएगा।’’

प्रवक्ता ने कहा कि इस हमले से भारत को जो ‘अस्थायी खुशी’ मिली है, उसकी जगह स्थायी दुख दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)