कानपुर (उप्र), सात मई पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों में शामिल कानपुर के व्यवसायी शुभम द्विवेदी के परिजनों ने उनकी मौत का ‘बदला’ लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेना को बुधवार को धन्यवाद दिया।
उनकी यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आई है।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए थे। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे जिनमें कानुपर के शुभम द्विवेदी भी शामिल थे।
शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सेना के हमले ने देश की सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति विश्वास की भावना पैदा की है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम टीवी पर समाचार देख रहे हैं और हम भारतीय सेना को सलाम करते हैं।’’
द्विवेदी ने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना को इस सैन्य कार्रवाई के लिए धन्यवाद देते हैं। उन्होंने (प्रधानमंत्री और सेना) पहलगाम आतंकी हमलों के पीड़ितों और देश के लोगों का दर्द सुना है।’’
उन्होंने कहा कि जब से यह खबर सुनी है, उनके परिवार को एक सुकून सा महसूस हो रहा है।
शुभम की पत्नी ऐशान्या ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री मोदी, मंत्रियों और वायुसेना और सेना प्रमुख जनरल सहित सशस्त्र बलों के प्रमुखों को मेरे पति की मौत का बदला लेने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे और मेरे पूरे परिवार को प्रधानमंत्री मोदी और हमारे सशस्त्र बलों पर पूरा भरोसा था और जिस तरह से उन्होंने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमले किए, उससे हमारा भरोसा और मजबूत हुआ है।’’
ऐशान्या ने पाकिस्तान और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि भारतीय सेना के हमले निश्चित रूप से आतंकवादियों को भविष्य में निर्दोष लोगों पर हमले करने से रोकेंगे।
उन्होंने फोन पर ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादियों को ‘‘पृथ्वी के आखिरी छोर तक पीछा करने’’ का वादा किया था। न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया गया है और उन्हें न्याय मिला भी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY