नयी दिल्ली/कोलकाता/मुंबई/रांची/श्रीनगर, 23 अप्रैल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के एक दिन बाद देशभर में सभी वर्गों के लोगों ने बुधवार को जगह-जगह कैंडल मार्च निकाला और विरोध-प्रदर्शन कर पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) ने जंतर-मंतर पर मोमबत्ती जलाकर हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि की।
पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने 2019 में पुलवामा हमले के बाद कश्मीर घाटी में हुए सबसे घातक आतंकी हमले की निंदा की।
भारद्वाज ने कहा, “आतंकवादियों ने पहले कभी कश्मीर में पर्यटकों पर हमला नहीं किया। यह पहली बार है जब ऐसी घटना हुई है। जान गंवाने वाले सभी लोग निर्दोष थे। पूरा देश शोक में है। सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
कांग्रेस की युवा शाखा ने रायसीना रोड स्थित अपने कार्यालय में ‘कैंडल मार्च’ निकाला।
राष्ट्रीय राजधानी के कई व्यापारी संघों ने भी आतंकी हमले की निंदा की और अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
संघों ने 25 अप्रैल को दिल्ली बंद की घोषणा करते हुए ‘कैंडल मार्च’ निकाला। व्यापार संगठनों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में और हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए 25 अप्रैल को दिल्ली बंद का आह्वान किया।
दिल्ली व्यापार महासंघ ने शांतिपूर्ण क्षेत्र कहे जाने वाले बैसरन इलाके में निर्दोष पर्यटकों की हत्या पर गहरा दुख और गुस्सा व्यक्त किया।
महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को आरोप लगाया कि पहलगाम आतंकी हमला खुफिया एजेंसियों की विफलता है और उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
वडेट्टीवार, आतंकवादी हमले की निंदा करने के लिए मध्य मुंबई के दादर में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई द्वारा आयोजित विरोध मार्च को संबोधित कर रहे थे।
वडेट्टीवार ने कहा, “खुफिया एजेंसियां इतने बड़े हमले का पता लगाने में कैसे विफल रहीं? यह सुरक्षा तंत्र की ओर से गंभीर चूक है। पर्यटकों के आसपास कोई सुरक्षा तैनात नहीं थी। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए और आतंकवादियों का सफाया सुनिश्चित करना चाहिए।”
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने हमले के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने बुधवार को शहर के बीचों-बीच रैली निकाली और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की।
मध्य कोलकाता में एक किलोमीटर की दूरी तय कर यह रैली एस्प्लेनेड पर समाप्त हुई।
अधिकारी ने मार्च के समाप्त होने के बाद कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार पाकिस्तान प्रायोजित अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देगी।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार उन लोगों को नहीं छोड़ेगी, जिनके हाथों से ज्यादातर हिंदू लोगों का खून हुआ है। अपनी छुट्टियों का आनंद ले रहे निर्दोष पर्यटक अचानक अपनी धार्मिक पहचान के कारण गोलियों का शिकार हो गए। हम उन लोगों को उसी में जवाब देंगे जिसमें वे समझते हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY