देश की खबरें | प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भरोसा रखने वालों के लिए हमारे दरवाजे खुले हैं: भाजपा नेता दानवे

औरंगाबाद, सात जुलाई अजित पवार के नेतृत्व में राकांपा के आठ विधायकों के महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने के कुछ दिन बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी के दरवाजे उन लोगों के लिए खुले हैं जिनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आस्था है।

अजित पवार ने दो जुलाई को शिंदे-भाजपा सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके प्रति निष्ठा रखने वाले राकांपा गुट के आठ अन्य विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी।

भाजपा के एक समय के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के सरकार में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर दानवे ने कहा, "हमारा रुख स्पष्ट है- जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा है, वे हमसे जुड़ सकते हैं या हमारे सहयोगी बन सकते हैं। हमारे दरवाजे उनके लिए खुले हैं।"

केंद्रीय मंत्री मध्य महाराष्ट्र में औरंगाबाद के पास विश्व प्रसिद्ध अजंता गुफाओं के भूवैज्ञानिक पहलुओं के बारे में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

दानवे ने कहा, ‘‘अगर वे सरकार चलाने के लिए तय किए गए फॉर्मूले का पालन करने के लिए तैयार हैं, तो वे भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल हो सकते हैं।’’

भाजपा नेता और महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को लेकर अटकलों के बारे में पूछे जाने पर दानवे ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रही हैं।

जालना से लोकसभा सदस्य ने कहा, "ऐसे कई लोग हैं जो अफवाहें फैलाते हैं। उन्होंने (पंकजा मुंडे) कई बार स्पष्ट किया है कि वह किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं हो रही हैं।"

मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुंडे ने कहा कि उन्होंने कभी भी पार्टी के हित के खिलाफ काम नहीं किया है और वह चाहती हैं कि भाजपा की (जनसंघ नेता) दीन दयाल उपाध्याय और (पूर्व प्रधानमंत्री) अटल बिहारी वाजपेयी की विचारधारा बरकरार रहे क्योंकि वह उसी भावना पर पली बढ़ी हैं।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने एक टीवी चैनल पर वाद दायर करने की योजना बनाई है, जिसने कांग्रेस नेताओं-सोनिया गांधी और राहुल गांधी से उनकी मुलाकात के बारे में झूठी खबर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)