बाराबंकी (उप्र), 16 अक्टूबर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए बुधवार को दावा किया कि राज्य की 10 विधानसभा सीटों के लिये होने वाले उपचुनाव में सभी विरोधी पार्टियों को पराजय का सामना करना पड़ेगा।
यादव बाराबंकी में महिला उत्पीड़न की शिकायतों एवं समस्याओं के बारे में जिले के आला अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंची थीं। बैठक के बाद वह बाराबंकी जिला कारागार का निरीक्षण करने भी पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों के उपचुनाव का जिक्र होने पर दावा किया, ''भाजपा सभी सीटों पर विजय पताका लहराएगी और राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी पार्टियों को मुंह की खानी पड़ेगी।''
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों गाजियाबाद, मझवां, मीरापुर, खैर, कटेहरी, करहल, सीसामऊ, मिल्कीपुर, फूलपुर और कुंदरकी सीटों के लिये उपचुनाव होने हैं। इनमें से चार सीटों फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर पर भाजपा के विधायक थे। वहीं, मीरापुर सीट पर भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल का विधायक था। इसके अलावा पांच सीटों सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर और कुंदरकी में सपा के विधायक थे। इन सीटों के लिये 13 नवंबर को उपचुनाव होगा। परिणाम 23 नवंबर को घोषित किये जाएंगे।
यादव ने बहराइच जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए उपद्रव को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं, जांच चल रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू व भाजपा नेता अपर्णा यादव ने उन्हें महिला आयोग का अध्यक्ष न बनाकर उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कहा, ''पार्टी नेतृत्व ने मेरे लिये जो भी तय किया है, उसके लिये मैं तैयार हूं। मैं सेवा करने के लिये आई हूं और अपना काम राष्ट्रवाद की सम्पूर्ण भावना के साथ कर रही हूं। इसी तरह से काम करती रहूंगी।”
इससे पहले, जेल का निरीक्षण करके उन्होंने कहा कि जेल में महिलाओं के लिये काफी अच्छी व्यवस्थाएं हैं, काफी साफ सफाई भी है और जेल में सभी कैदियों का काफी ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा जेल में कैदियों को अलग अलग रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया है, कुशल बनाया जा रहा है ताकि जब वे बाहर निकलें तो हुनरमंद हो जाएं और अपनी जीविका अच्छी तरह से चला सकें।
सं. सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY